चेन्नई। मंगलयान अपने लक्ष्य से महज 30 दिन दूर है और 90 लाख किमी की दूरी तय करते ही यह लाल ग्रह की कक्षा में प्रवेश कर जाएगा।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी दी है। इसरो के मुताबिक, मंगल आर्बिटर मिशन (एमओएम) मंगल से महज 90 लाख किमी दूर रह गया है। फिलहाल यह पृथ्वी से 18.9 करोड किमी दूर जा चुका है।
इसरो के वैज्ञानिकों के मुताबिक, 24 सितंबर को वह खास दिन आएगा, जब मंगल यान को मंगल ग्रह की कक्षा में प्रवेश कराया जाएगा।
छह मिनट बाद आते हैं संकेत
इसरो के अनुसार, मंगल यान तेजी से लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल ये अपने 300 दिनों की गहरे अंतरिक्ष यात्रा में पृथ्वी से 1080 लाख किलोमीटर की दूरी पर पहुंच चुका है। अब पृथ्वी से मंगल यान तक संकेत पहुंचने में छह मिनट लगते हैं।
इसरो ने अपने मंगल यान अभियान से सबंधित फेसबुक पेज पर कहा है कि अंतरिक्ष यान और इसके पाचों पेलोड बहुत अच्छी तरह काम कर रहे हैं।
एक महत्वपूर्ण मील के पत्थर के तौर पर 11 जून को इसरो ने दूसरी बार इसके पथ में बदलाव कर इसे मंगल ग्रह के रास्ते पर आगे बढाया था। ये काम उन्होंने अंतरिक्षयान के 22 न्यूटन के प्रक्षेपकों को लगातार 16 सेकेंड तक चलाकर किया था।
वैसे अभी मंगल यान के पथ में एक बदलाव और किया जाना है, ये ट्रेजेक्ट्री बदलाव अगस्त में होगा। ये महत्वाकांक्षी मंगल यान आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से पोलर सेटेलाइट लांच व्हीकल के जरिए पिछले साल 05 नवंबर को छोड़ा गया था।
450 करोड़ की इस परियोजना से वैज्ञानिकों को ग्रह से संबंधित शोध में मदद मिलेगी। यान और इस पर लगे उपकरणों के जरिए मंगल ग्रह के वातावरण और स्थितियों पर तमाम शोध किये जाने की योजना है।
- See more at: http://naidunia.jagran.com/national-33-days-to-go-nine-months-after-liftoff-mangalyaan-ready-for-final-lap-168302#sthash.ME1tIf6s.dpuf
ठीक एक माह बाद लालग्रह पर पहुंच जाएगा मंगलयान
No comments:
Post a Comment