अच्छा है मोदी का 'सबका साथ, सबका विकास' का विजन: केरी

Monday, 28 July 2014

वॉशिंगटन

कभी नरेंद्र मोदी को वीजा तक नहीं देने वाला अमेरिका अब उनके साथ नजदीकी बढ़ाने की पूरी कोशिश कर रहा है। भारत आ रहे अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने मोदी सरकार की नीतियों और विज़न की जमकर तारीफ की है। केरी ने कहा कि मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का विचार बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा है कि मोदी की ‘भगवा क्रांति’ में अमेरिका उनके साथ है।


अपनी भारत यात्रा से ठीक एक दिन पहले अमेरिकी विदेश मंत्री ने मोदी सरकार के विकास के अजेंडे में भरपूर साथ देने का ऐलान किया है। दोनों देशों के रिश्तों में नई गति लाने पर जोर देते हुए केरी ने कहा है यह मौका दोनों देशों के भविष्य को एक राह पर लाने का है।


केरी ने कहा कि मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान युवाओं से सीधे बात की और उनसे उर्जा ली। मोदी सरकार ने देश के युवाओं में उम्मीदें जगाई हैं और अमेरिका उसे पूरा करने में उनका पूरी तरह से साथ देने को तैयार है।
images

जॉन केरी वॉशिंगटन में अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस के समारोह को संबोधित कर रहे थे। क्लाइमेट चेंज के मुद्दे पर केरी ने कहा कि मोदी ने ‘भगवा क्रांति’ की बात की है, क्योंकि भगवा रंग ऊर्जा का रंग है। मोदी ने कहा है कि यह क्रांति अपारंपरिक ऊर्जा स्रोतों से लाएंगे। यह बिल्कुल सही हैं और अमेरिका इस मामले पर पूरी तरह से भारत के साथ चलने को तैयार है।


केरी मंगलवार को भारत आएंगे। यहां केरी भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ 5वीं वार्षिक अमेरिका-भारत रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। मोदी सरकार ने भी अभी तक खुलकर अपनी अमेरिकी पॉलिसी स्पष्ट नहीं की है। माना जा रहा है कि सितंबर में ओबामा के साथ होने वाली उनकी मुलाक़ात से इस रिश्ते की दिशा तय होगी।



अच्छा है मोदी का 'सबका साथ, सबका विकास' का विजन: केरी

No comments:

Post a Comment

 

Pages

Most Reading